उवैस राजा की शिकायत पर हरकत में आया लोक निर्माण विभाग, NABL लैब की टीम करेगी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद विभाग ने जांच की कार्रवाई शुरू कर दी है। समाजसेवी उवैस राजा की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड हल्द्वानी ने पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, उवैस राजा ने 25 नवंबर 2026 को अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र सौंपकर बनभूलपुरा क्षेत्र में हाल ही में निर्मित सड़कों की खराब गुणवत्ता और निर्माण मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया था कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की पुष्टि होने तक ठेकेदार का भुगतान रोकने और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत पर विभाग की ओर से जारी जवाबी पत्र में बताया गया है कि बनभूलपुरा, गांधी नगर और बरेली रोड में निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण सहायक अभियंता हरीश जोशी और सहायक अभियंता आनंद गिरी की मौजूदगी में NABL लैब की टीम द्वारा कराया जाएगा। यह परीक्षण उवैस राजा की उपस्थिति में किए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।
विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि निर्माणाधीन मार्ग के जिस हिस्से में उखड़ने की शिकायत मिली है, उस हिस्से का भुगतान फिलहाल रोक दिया जाए। इसके अलावा कार्यस्थल पर निगरानी के लिए सहायक अभियंता, पंचम को अपने स्तर से एक अतिरिक्त अपर सहायक अभियंता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के इस जवाब के बाद अब निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच और आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजरें टिकी हैं। जांच में यदि निर्माण मानकों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।







